अगली ख़बर
Newszop

कल का मौसम 11 अक्टूबर 2025: दिन में धूप-रात में सिहरन... मॉनसून की वापसी से यूपी-दिल्ली से लेकर उत्तराखंड तक बदला मौसम

Send Push
नई दिल्ली: देशभर से अब मॉनसून की वापसी का दौर शुरू हो गया है, जिससे कई राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब पीछे हटने लगा है। शुक्रवार (10 अक्टूबर 2025) तक मॉनसून गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों और बिहार के कुछ भागों से लौट चुका है। अगले तीन से चार दिनों में यह झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और तेलंगाना के कुछ हिस्सों से भी विदा हो जाएगा।



IMD ने बताया कि मॉनसून की वापसी की रेखा अब अलीबाग, अहमदनगर, अकोला, जबलपुर, वाराणसी और रक्सौल होते हुए नेपाल सीमा तक पहुंच गई है। मौसम बदलने से लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है। खासकर बच्चों और बुजुर्ग को अलर्ट रहने की जरूरत है।

दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में मौसम साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल 13 अक्टूबर तक बारिश होने की उम्मीद नहीं है।

यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में मानसून अब विदाई की ओर है। बीते कुछ दिनों से मौसम साफ बना हुआ है। 11 और 12 अक्टूबर को भी प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ रहने वाला है। इस दौरान तेज धूप की वजह से भीषण गर्मी पड़ सकती है। 13, 14 और 15 अक्टूबर को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। इस प्रदेश में अगले 5 दिनों तक बारिश व तेज हवा चलने की संभावना नहीं है। इस दौरान गर्मी का प्रकोप बढ़ सकता है।

बिहार में कल कैसा रहेगा मौसम?

बिहार में मॉनसून की वापस की प्रक्रिया जारी है। अगले 2-3 दिनों में राज्य से मॉनसून के पूरी तरह लौटने की संभावना है। IMD के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा बारिश की कोई संभावना नहीं है। दिन में धूप और रात में हल्की ठंडक रहेगी। न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री रहने की संभावना है।





उत्तराखंड में कल कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 15 अक्टूबर प्रदेश में अभी मौसम साफ रहने की संभावना है। पिछले तीन दिनों तक प्रदेश के पर्वत इलाकों में लगातार बारिश के बाद गुरुवार को मौसम खुलने से ठंड का एहसास कम हुआ। वहीं केदारनाथ धाम में बर्फबारी और बारिश का सिलसिला 3 दिनों से चल रहा है, जिससे धाम परिसर में 5 से 6 इंच तक बर्फ जम गई है और पूरी केदार घाटी ठंड के आगोश में समा गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह और शाम ठंड में हल्का इजाफा होगा, कुछ जगहों पर तापमान 10 डिग्री के आसपास तक जा सकता है।

हिमाचल प्रदेश में कल कैसा रहेगा मौसम?

हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। पूरे राज्य में मौसम साफ और ठंडा रहेगा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात और सुबह तापमान में गिरावट आएगी, कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री तक दर्ज हो सकता है। IMD ने पर्यटकों को पहाड़ी रास्तों पर सुबह के कोहरे से सतर्क रहने की सलाह दी है।

न्यूजपॉईंट पसंद? अब ऐप डाउनलोड करें