जबलपुर। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर मध्य प्रदेश में जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के विवादित बयान का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का भी कथित विवादास्पद बयान सामने आया है। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि मेरे बयान को गलत ढंग से पेश किया जा रहा है।' दरअसल, उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने शुक्रवार को जबलपुर में सिविल डिफेंस वालिंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री को धन्यवाद देना चाहेंगे...और पूरा देश, देश की वो सेना, वो सैनिक...उनके चरणों में नतमस्तक है। उनके इस बयान को कांग्रेस ने सेना के शौर्य का अपमान बताया। वहीं, भाजपा ने कहा कि कांग्रेस देवड़ा के बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है। देवड़ा कांग्रेस और सोशल मीडिया पर पोस्ट प्रसारित करने वालों की शिकायत की तैयारी कर रहे हैं।
इधर, जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना ने जिला प्रशासन का पक्ष रखते हुए कहा है कि कुछ न्यूज चैनलों द्वारा प्रसारित खबर पूर्णतः भ्रामक है। खबर सनसनीखेज बनाने के लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़कर जोड़ा गया। उप मुख्यमंत्री देवड़ा द्वारा कहा गया था कि देश की सेना, वो सैनिक 'उनके' चरणों में पूरा देश नतमस्तक है। न्यूज चैनल ने 'उनके' शब्द को जानबूझकर गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया। जो पूर्णतः असत्य है। जबकि उन्होंने 'उनके' शब्द सैनिकों के लिए उपयोग किया गया है। देवड़ा ने क्या कहा 'यशस्वी प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद देना चाहेंगे। (कुछ क्षण रुककर) और पूरा देश, देश की वो सेना, वो सैनिक उनके चरणों में नतमस्तक है, उन्होंने जो जवाब दिया है, उनके चरणों में पूरा देश नतमस्तक है। उसकी जितनी सराहना की जाए जितना कहा जाए, एक बार उनके लिए जोरदार तालियां बजा दीजिए।' सोशल मीडिया पर क्या वायरल हुआ 'पूरा देश और सेना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चरणों में नतमस्तक है'।
कांग्रेस की महासचिव और लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक्स पर पोस्ट किया कि भाजपा के नेताओं की ओर से लगातार हमारी सेना का अपमान अत्यंत शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा के लोग सेना को अपमानित कर रहे हैं और भाजपा अपने इन नेताओं पर कार्रवाई करने की जगह उन्हें बचाने में पूरा जोर लगा रही है। भाजपा ऐसा करके हमारी सेना और देशवासियों को क्या संदेश देना चाहती है? पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित अन्य नेताओं ने भाजपा के दोनों नेताओं को आरोप दोहराकर बर्खास्त करने की मांग की।
जगदीश देवड़ा ने सफाई देते हुए कहा कि कांग्रेस मेरे बयान को बिल्कुल गलत तरीके से प्रस्तुत कर रही है। मीडिया में मेरा बयान तोड़ मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। मैंने ये कहा कि देश की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में जो काम किया है, उसकी जितनी सराहना की जाए उतनी कम है। देश की जनता भारत की सेना के चरणों में नतमस्तक है। उनका प्रणाम करते हैं, उनका सम्मान करते हैं। जितना कहा जाए उतना कम है सेना के बारे में। ये शब्द मैंने कहे हैं। उसे तोड़ मरोड़ कर गलत तरीके से प्रस्तुत कर रहे हैं। जो लोग ऐसा षड़यंत्र कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
You may also like
WhatsApp में नया चैट मेमोरी फीचर: आपकी पसंद-नापसंद को याद रखने वाला साथी
PMAY Registration : प्रधानमंत्री आवास योजना के रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख बढ़ी, यहां जानें आवेदन प्रक्रिया
'आपके युग का हिस्सा बनने के लिए भाग्यशाली': स्काई, बुमराह और अय्यर ने वानखेड़े स्टैंड सम्मान पर रोहित को बधाई दी
Infinix Note 50X 5G रिव्यू: कम दाम में अच्छी परफॉर्मेंस, लेकिन डिस्प्ले-कैमरा कितने काबिल?
बाबर आजम ने चुनी अपनी टी20 इलेवन, बुमराह और विराट का नाम गायब, दो भारतीय खिलाड़ी को जगह